विशेष HPV टीकाकरण सप्ताह के प्रथम दिवस पर धमकी हाई स्कूल की 17 किशोरियों का हुआ सफल टीकाकरण
कवर्धा, 13 जुलाई 2026।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला कबीरधाम के निर्देशानुसार तथा 13 से 18 जुलाई 2026 तक आयोजित विशेष HPV टीकाकरण सप्ताह के अंतर्गत आज प्रथम दिवस पर धमकी हाई स्कूल की 17 किशोरी बालिकाओं को ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) वैक्सीन लगाई गई।
यह टीकाकरण गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर जैसी गंभीर एवं जानलेवा बीमारी से बचाव के लिए किया गया। यह टीका सुरक्षित, प्रभावी एवं वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित है तथा भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
यह कार्यक्रम आदरणीय डॉ. विनोद चंद्रवंशी, खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) एवं श्री शौरभ तिवारी, BPM के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में श्री द्वारिका साहू (RHO) एवं श्री के. पी. चंद्रवंशी (सुपरवाइजर) सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम का विशेष योगदान रहा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनी की टीम द्वारा विद्यालय प्रबंधन एवं छात्राओं के सहयोग से टीकाकरण कार्य सुचारु रूप से संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को HPV संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम तथा टीकाकरण के महत्व के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि HPV वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इसके संबंध में फैल रही किसी भी प्रकार की अफवाहों या भ्रांतियों पर ध्यान न दें।
डॉ. विनोद चंद्रवंशी, BMO ने सभी अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी पात्र किशोरियों का HPV टीकाकरण अवश्य कराएं। समय पर लगाया गया यह टीका भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने का प्रभावी माध्यम है। समाज की प्रत्येक पात्र बालिका तक इस जीवनरक्षक टीके की पहुंच सुनिश्चित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी पात्र किशोरियों एवं उनके अभिभावकों से आग्रह किया है कि 13 से 18 जुलाई 2026 तक चल रहे विशेष HPV टीकाकरण सप्ताह का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने निकटतम स्वास्थ्य केंद्र या विद्यालय में संपर्क कर अपनी बच्चियों का टीकाकरण अवश्य कराएं। एक छोटा-सा टीका, भविष्य को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
0 Comments