एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ – सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पिपरिया (जिला कबीरधाम



एचपीवी (HPV) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ – सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पिपरिया (जिला कबीरधाम)
आज दिनांक 06.04.2026 से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पिपरिया में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। यह टीकाकरण अभियान किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से प्रारंभ किया गया है।

अभियान के प्रथम दिवस पर कुल 05 बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया गया। टीकाकरण उपरांत सभी लाभार्थियों की जानकारी यूवीन (UWIN) पोर्टल में सफलतापूर्वक दर्ज की गई।

इस अवसर पर खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) डॉ विनोद चंद्रवंशी महोदय द्वारा सभी टीकाकृत बालिकाओं को टीकाकरण प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा अभिभावकों को इस टीके के महत्व के संबंध में जानकारी दी गई।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशानुसार यह टीकाकरण जिला चिकित्सालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में रविवार एवं अवकाश दिवस को छोड़कर प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक किया जा रहा है।

अभियान के अंतर्गत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाएं पात्र हैं। बालिकाओं को अपने अभिभावक के साथ आधार कार्ड/जन्म प्रमाण पत्र लेकर उपस्थित होने तथा टीकाकरण से पूर्व भोजन करने की सलाह दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बालिकाओं को इस महत्वपूर्ण टीकाकरण अभियान का लाभ दिलाकर उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखें

Post a Comment

0 Comments