138 मतदाताओं का नाम कटवाने की साज़िश, फॉर्म-7 का दुरुपयोग – लोकतंत्र पर हमला
लखनपुर (सरगुजा) जियाउल खान
ग्राम पंचायत मांजा के अंतर्गत राजाकटेल पंचायत के 120 मतदाताओं एवं नरकलो पंचायत के 18 मतदाताओं, इस प्रकार कुल 138 मतदाताओं का नाम मतदाता सूची से कटवाने के उद्देश्य से फॉर्म-7 भरकर जमा किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। यह पूरा प्रयास फॉर्म-7 के संगठित, चयनात्मक एवं दुर्भावनापूर्ण दुरुपयोग को दर्शाता है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह फॉर्म-7 केवल 7 व्यक्तियों द्वारा, वह भी एक ही विशेष समुदाय के मतदाताओं को लक्षित करते हुए, प्रस्तुत किए गए हैं। हालांकि अब तक किसी भी मतदाता का नाम नहीं कटा है, लेकिन यह घटनाक्रम स्पष्ट रूप से लोकतांत्रिक मताधिकार को प्रभावित करने की साज़िश एवं चुनावी प्रक्रिया में अवैध हस्तक्षेप का प्रयास है।
इस गंभीर मामले को लेकर आज अनुविभागीय अधिकारी उदयपुर को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन देने के दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी नेता श्री विक्रमजीत सिंह देव, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष श्री कृपा शंकर गुप्ता, पूर्व एल्डरमैन श्री शराफत अली, मंडल अध्यक्ष श्री रमेश जायसवाल, श्री जगरोपण यादव, श्री जमील खान, श्री इरशाद खान, श्री मकसूद हुसैन, पार्षद श्री बघोलन राम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन एवं अन्य साथी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अमित सिंह देव, अध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी – लखनपुर ने कहा—
“फॉर्म-7 का इस प्रकार सामूहिक और चयनात्मक उपयोग लोकतंत्र की आत्मा के विरुद्ध है। यदि समय रहते इसकी निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो भविष्य में वैध मतदाताओं के नाम गलत ढंग से काटे जा सकते हैं। यह सीधे-सीधे संविधान प्रदत्त मताधिकार पर हमला है।”
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन से मांग की है कि—
फॉर्म-7 के दुरुपयोग की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कराई जाए,
दोषियों के विरुद्ध IPC की धाराओं 420, 468, 471, 120-B एवं 171-F के अंतर्गत कठोर कानूनी कार्यवाही की जाए,
तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि बिना नोटिस, सुनवाई और सत्यापन किसी भी मतदाता का नाम न काटा जाए।
कांग्रेस पार्टी ने स्पष्ट किया है कि वह मतदाताओं के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी और आवश्यकता पड़ने पर इस मामले को चुनाव आयोग एवं उच्च अधिकारियों तक ले जाया जाएगा।
0 Comments