NEWS :-उत्कृष्ट सेवाओं एवं प्रेरणादायी नेतृत्व को सम्मान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल एवं डीएसपी श्री कृष्ण कुमार चंद्राकर को कबीरधाम पुलिस परिवार ने दी भावभीनी विदाई

NEWS :-उत्कृष्ट सेवाओं एवं प्रेरणादायी नेतृत्व को सम्मान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल एवं डीएसपी श्री कृष्ण कुमार चंद्राकर को कबीरधाम पुलिस परिवार ने दी भावभीनी विदाई
कबीरधाम, दिनांक 30 जुलाई 2026। जिला कबीरधाम में पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल, जिनका स्थानांतरण जिला रायगढ़ तथा डीएसपी श्री कृष्ण कुमार चंद्राकर, जिनकी पदस्थापना सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी), पंडरी, रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में हुई है, के सम्मान में दिनांक 29 जुलाई 2026 को न्यू पुलिस लाइन सभागार, कबीरधाम में गरिमामय एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र यादव (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल, उप पुलिस अधीक्षक श्री संजय ध्रुव, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री आशीष शुक्ला, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बोड़ला श्री अखिलेश कौशिक, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया श्री भूपत सिंह धनेश्वरी, रक्षित निरीक्षक श्री महेश्वर सिंह, रक्षित निरीक्षक श्री पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी, शाखा प्रभारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पूरे समारोह के दौरान आत्मीयता, सम्मान एवं भावनात्मक वातावरण देखने को मिला, जिसमें कबीरधाम पुलिस परिवार ने दोनों अधिकारियों के प्रति अपना स्नेह, सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम के प्रारंभ में पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र यादव (आईपीएस) सहित उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल एवं डीएसपी श्री कृष्ण कुमार चंद्राकर का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके सफल कार्यकाल, अनुशासित कार्यशैली, उत्कृष्ट नेतृत्व, सहज व्यक्तित्व तथा विभाग के प्रति समर्पण की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल ने अपने कार्यकाल के दौरान जिले की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने प्रत्येक संवेदनशील अवसर, धार्मिक आयोजन, पर्व-त्योहार, वीआईपी भ्रमण, चुनावी दायित्व तथा विशेष परिस्थितियों में अपने प्रशासनिक अनुभव, दूरदर्शी नेतृत्व एवं त्वरित निर्णय क्षमता का उत्कृष्ट परिचय दिया। उन्होंने सदैव अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों का मार्गदर्शन एवं संरक्षण करते हुए टीम भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उनके नेतृत्व में अपराध नियंत्रण, निवारक कार्रवाई, गंभीर अपराधों के सफल निराकरण तथा कानून-व्यवस्था संधारण में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त हुईं। उनकी सहज उपलब्धता, स्नेहपूर्ण व्यवहार एवं प्रशासनिक दक्षता ने उन्हें प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी के लिए एक आदर्श वरिष्ठ अधिकारी के रूप में स्थापित किया।

डीएसपी श्री कृष्ण कुमार चंद्राकर ने पुलिस अनुविभागीय अधिकारी, कबीरधाम के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान दृढ़ इच्छाशक्ति, साहसिक नेतृत्व, निष्पक्ष कार्यशैली एवं प्रभावी फील्ड पुलिसिंग का उत्कृष्ट परिचय दिया। उन्होंने सदैव अग्रिम पंक्ति में रहकर अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की तथा कानून के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाते हुए पुलिस की सशक्त एवं निर्भीक छवि स्थापित की। उनकी कार्यशैली एक दबंग, निर्णयक्षम एवं जनहितैषी पुलिस अधिकारी के रूप में आमजन के बीच विशेष पहचान बनाने में सफल रही। उनके नेतृत्व में अवैध शराब, मादक पदार्थ, जुआ-सट्टा, असामाजिक तत्वों तथा संगठित अपराधों के विरुद्ध निरंतर प्रभावी अभियान संचालित किए गए। अनेक गंभीर एवं जटिल प्रकरणों का त्वरित खुलासा वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्यों एवं टीमवर्क के माध्यम से किया गया। कानून-व्यवस्था की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उन्होंने स्वयं मौके पर उपस्थित रहकर नेतृत्व किया तथा अपने साहस, त्वरित निर्णय क्षमता एवं प्रभावी समन्वय से पुलिस बल का मनोबल सदैव ऊंचा बनाए रखा। उन्होंने पुलिस-जन संवाद को मजबूत बनाने के साथ-साथ मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस की सकारात्मक छवि को जन-जन तक पहुंचाने में भी उनके प्रयास उल्लेखनीय रहे।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र यादव (आईपीएस) ने कहा कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल एवं डीएसपी श्री कृष्ण कुमार चंद्राकर ने अपने कार्यकाल में जिस समर्पण, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य किया है, वह कबीरधाम पुलिस परिवार के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों ने अपने नेतृत्व, अनुभव एवं उत्कृष्ट कार्यशैली से जिले में पुलिसिंग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है तथा उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि श्री पुष्पेंद्र बघेल का प्रशासनिक अनुभव, संतुलित नेतृत्व, मार्गदर्शन एवं संरक्षण प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी के लिए सदैव प्रेरणादायी रहा है। वहीं डीएसपी श्री कृष्ण कुमार चंद्राकर ने अपने साहसिक नेतृत्व, प्रभावी फील्ड पुलिसिंग, त्वरित निर्णय क्षमता एवं निर्भीक कार्यशैली से पुलिस विभाग की सशक्त पहचान स्थापित की है। उन्होंने दोनों अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य एवं नवीन दायित्वों में सफलता की शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल ने कबीरधाम पुलिस परिवार से प्राप्त सहयोग, आत्मीयता एवं विश्वास के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कबीरधाम में बिताया गया समय उनके सेवा जीवन की अमूल्य स्मृतियों में सदैव शामिल रहेगा। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अनुशासन, ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जनता के विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

डीएसपी श्री कृष्ण कुमार चंद्राकर ने अपने उद्बोधन में कहा कि कबीरधाम में बिताया गया कार्यकाल उनके पुलिस सेवा जीवन का अत्यंत महत्वपूर्ण एवं अविस्मरणीय अध्याय रहेगा। उन्होंने कहा कि जिले के प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी ने सदैव परिवार की तरह साथ खड़े होकर कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी उत्कृष्ट टीमवर्क का परिचय दिया। उन्होंने सभी वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों एवं अधीनस्थ कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कबीरधाम पुलिस परिवार से प्राप्त स्नेह, सम्मान एवं सहयोग उनके जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कबीरधाम पुलिस भविष्य में भी इसी समर्पण, अनुशासन एवं जनसेवा की भावना के साथ नई उपलब्धियां अर्जित करती रहेगी।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र यादव (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमित पटेल, उप पुलिस अधीक्षक श्री संजय ध्रुव, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री आशीष शुक्ला, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बोड़ला श्री अखिलेश कौशिक, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी पंडरिया श्री भूपत सिंह धनेश्वरी, रक्षित निरीक्षक श्री महेश्वर सिंह, रक्षित निरीक्षक श्री पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी, शाखा प्रभारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान दोनों अधिकारियों को स्मृति-चिन्ह एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। अनेक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल का संरक्षण, मार्गदर्शन एवं प्रशासनिक नेतृत्व तथा डीएसपी श्री कृष्ण कुमार चंद्राकर की दबंग, निर्भीक एवं परिणामोन्मुख पुलिसिंग सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी। उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों के सफल कार्यकाल की सराहना करते हुए नवीन पदस्थापना हेतु शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

इसके उपरांत सामूहिक रात्रि भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आत्मीय वातावरण में सहभागिता करते हुए आपसी सौहार्द, भाईचारे एवं संगठनात्मक एकता का परिचय दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान पुलिस परिवार के सदस्यों के बीच आत्मीय संवाद एवं भावनात्मक जुड़ाव का वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम के समापन पर पुलिस विभाग की गौरवशाली परंपरा के अनुरूप अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र बघेल एवं डीएसपी श्री कृष्ण कुमार चंद्राकर को सम्मानपूर्वक उनके शासकीय वाहनों तक विदा किया गया। इसके पश्चात उपस्थित समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने परंपरानुसार उनके वाहनों तक छोड़कर भावभीनी विदाई दी। इस भावुक अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारी एवं कर्मचारी दोनों अधिकारियों के साथ बिताए गए कार्यकाल की स्मृतियों को साझा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं नवीन पदस्थापना पर सफल, गौरवपूर्ण एवं यशस्वी कार्यकाल की मंगलकामनाएं प्रेषित करते रहे।

Post a Comment

0 Comments