कवर्धा में आज सजेगी हास्य और व्यंग्य की महफिल,आज शाम 07 बजे से गांधी मैदान में होगा अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन

कवर्धा में आज सजेगी हास्य और व्यंग्य की महफिल,

आज शाम 07 बजे से गांधी मैदान में होगा अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन
कवर्धा। सांस्कृतिक साहित्य उत्सव समिति, कवर्धा के बैनर तले शहर में एक भव्य साहित्यिक आयोजन होने जा रहा है। आज शाम 7 बजे से गांधी मैदान, कवर्धा में “अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन” का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर साहित्य प्रेमियों और शहरवासियों में उत्साह का माहौल है।
इस भव्य कवि सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से ख्यातिप्राप्त कवि, शायर और गीतकार शामिल होकर हास्य, व्यंग्य, गीत और शायरी की प्रस्तुतियां देंगे। मंच संचालन प्रसिद्ध वीर रस कवि शशिकांत यादव करेंगे। वहीं बनारस से हास्य व्यंग्य कवि डॉ. अनिल चौबे, नोएडा से हास्य कवि सुनील भोला, दिल्ली से शृंगार कवयित्री सुमना नसीम, छत्तीसगढ़ के गीतकार मीर अली मीर, हास्य रस कवि वंशीधर मिश्रा तथा संयोजक अभिषेक पाण्डेय अपनी रचनाओं से श्रोताओं को गुदगुदाएंगे।
कार्यक्रम स्वर्गीय सुरेंद्र दुबे जी को समर्पित रहेगा। आयोजन में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा विशेष अतिथि के रूप में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, राजनांदगांव लोकसभा सांसद संतोष पाण्डेय, पंडरिया विधायक भावना बोहरा, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह तथा पूर्व सांसद अभिषेक सिंह की उपस्थिति रहेगी।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य कवर्धा में साहित्यिक और सांस्कृतिक वातावरण को बढ़ावा देना है। समिति ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments